क्या आप जानते हैं कि सबसे ज्यादा जर्म्स घर की किन चीजों में होते हैं? शायद नहीं। अनुमान लगाकर देखेंगे तो लगेगा कि शायद बाथरूम में? जबकि ऐसा नहीं है। पब्लिक हेल्थ और सेफ्टी आर्गेनाइजेशन द्वारा 2011 में घर की सबसे ज्यादा रोगाणुयुक्त जगह जानने के लिए अध्ययन किया गया था। अध्ययन के निष्कर्ष से पता चला कि घर की सबसे गंदी जगह रसोई है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली हर चीज को छूने के बाद आपको हाथ जरूर धोना चाहिए और इस्तेमाल की गई चीजों की भी अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए।

आपको बताते चलें कि बर्तन धोने वाले स्पॉन्ज में 75 फीसदी, रसोई के सिंक में 45 फीसदी, कटिंग बोर्ड में 18 फीसदी जर्म्स होते हैं। इसके विपरीत टूथब्रश में 27 फीसदी और बाथरूम में लगे नलों में 9 प्रतिशत बैक्टीरिया होते हैं। इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि किन चीजों में ज्यादा गंदगी होती है और किन चीजों को छूने के बाद आपको आवश्यक रूप से हाथ धोना चाहिए। इस लेख में हम घर में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य चीजों के बारे में जानेंगे, जिनमें सबसे ज्यादा जर्म्स होते हैं।

(और पढ़ें - हाथ धोने का तरीका)

टीवी का रिमोट

घर का हर सदस्य टीवी का रिमोट छूता है बल्कि कई बार मेहमान और पड़ोस से आए बच्चे भी टीवी के रिमोट को हाथ लगाते हैं। किस व्यक्ति ने रिमोट को कब और किस स्थिति में हाथ लगाया है, यह जानना मुश्किल है। यदि कोई व्यक्ति बाहर से सीधे आकर रिमोट को छूता है तो इससे रिमोट में जर्म्स लग जाते हैं। अन्य व्यक्ति द्वारा छूने पर उसके हाथों में भी जर्म्स लग जाते हैं। इस तरह जर्म्स और बैक्टीरिया पूरे घर में फैल जाते हैं। ऐसी स्थिति में रिमोट को हाथ लगाने के बाद हमेशा अपने हाथ धोएं। इसके अलावा कोशिश करें कि अपने टीवी के रिमोट को एंटीबैक्टीरियल वाइप्स से नियमित साफ करें।

कंप्यूटर का की-बोर्ड

कंप्यूटर में काम करना बहुत आम बात है। इन दिनों काफी घरों में भी कंप्यूटर है। लेकिन क्या कभी आप अपने घर के कंप्यूटर की, खासकर कीबोर्ड की सफाई करते हैं? अगर नहीं, तो अब सफाई करना शुरू कर दें। खासकर अगर आपके घर में पालतू जानवर और छोटे बच्चे हैं तो यह और जरूरी हो जाता है। इन्हें आप कीबोर्ड को छूने से रोक नहीं सकते। उनके हाथों में सैकड़ों बैक्टीरिया होते हैं, क्योंकि वे बिना हाथ धोए कंप्यूटर के कीबोर्ड को छूने लगते हैं। कीबोर्ड पर काम करने के बाद आप अपने हाथ जरूर धोएं। यदि बच्चा कीबोर्ड को हाथ लगाए तो उसके हाथ भी धुलवाएं। कोशिश करें कीबोर्ड की नियमित साफ कपड़े से सफाई करें।

बर्तन धोने वाला स्पाॅन्ज

आपके घर में  यदि कोई सबसे गंदी चीज है, तो वह बर्तन धोने वाला स्पाॅन्ज ही है। हालांकि इससे आप अपने गंदे बर्तन धोते हैं, इसलिए इसका गंदा होना लाजिमी है। लेकिन जरा सोचें कि क्या आप रोज गंदे स्पाॅन्ज से ही अपने गंदे बर्तनों की सफाई कर रहे हैं? अगर हां, तो क्या इस तरह की सफाई का कोई फायदा है? नहीं। जितनी बार स्पाॅन्ज का इस्तेमाल करें, उतनी बार उसे साफ पानी से धोएं। कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में स्पाॅन्ज बदलें। इसके साथ ही जितनी बार आप स्पाॅन्ज हाथ लगाएं, उतनी ही बार अपने हाथ भी अच्छी तरह साबुन और सादे पानी से धोएं।

गंदगी से भरपूर तकिया

कुछ लोग तकियों के कवर की सफाई का ख्याल नहीं रखते और न ही इन्हें बदलते हैं। रोजाना एक ही तकिए के इस्तेमाल की वजह से सिर की सारी गंदगी तकिए पर चिपकती रहती है। यह गंदगी बैक्टीरिया में बदल जाती है। ये बैक्टीरिया आसानी से आपको बीमार कर सकते हैं। अगर बीमार होने से बचना है तो तकिये का कवर समय-समय पर धोएं। यदि आप घर में तकिया सभी सदस्यों से साझा करते हैं तो कवर नियमित बदलें। संभव हो तो तकिया किसी से साझा न करें।

जर्म्स का घर है टूथब्रश

जैसा कि आप सभी जानते हैं कि टूथब्रश दांतों में मौजूद जर्म्स को खत्म करता है। हां, टूथब्रश आपके दांतों के जर्म्स को तो खत्म करता है, लेकिन यह बैक्टीरिया का घर भी है। दरअसल घर के सभी सदस्य ब्रश को एक ही होल्डर  पर रखते हैं। हर ब्रश अलग-अलग व्यक्ति द्वारा छुआ जाता है और जब इसे एक ही होल्डर में डालते हैं, तो एक दूसरे के संपर्क में आने की वजह से हर ब्रश में गंदगी चिपक जाती है। अतः जैसे ही आप टूथब्रश को छूते हैं तो उसमें मौजूद जर्म्स आपके हाथ तक पहुंच जाते हैं। अतः ब्रश करने के बाद अपने हाथों को अच्छी तरह धोएं। संभव हो तो सबका ब्रश एक-दूसरे से अलग रखें।

यहां बताई गई चीजों के इतर और भी कई ऐसी वस्तुएं हैं जो जर्म्स युक्त हो सकती हैं। अतः घर के किसी भी सामान को हाथ लगाने के बाद हाथ जरूर धोएं तभी आप बीमारी से बचे रह सकते हैं।

ऐप पर पढ़ें