आँख लाल होना - Red Eyes in Hindi

Dr. Ajay Mohan (AIIMS)MBBS

July 16, 2018

September 06, 2023

आँख लाल होना
आँख लाल होना

आँख लाल होना क्या होता है?

आंख लाल होने की समस्या तब होती है जब आंख की सतह पर मौजूद रक्त वाहिकाएं फैलती हैं या चौड़ी होती हैं। ऐसा तब होता है जब आपकी आंख में कोई बाहरी वास्तु चली जाती है या कोई इन्फेक्शन होता है। आंख आमतौर पर कुछ समय के लिए लाल होती है और जल्द ठीक हो जाता है। यह एक या दोनों आंखों में हो सकता है और इसके साथ आंख में दर्द, आंखों में खुजली, रिसाव, आंखों की सूजन और धुंधला दिखना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

(और पढ़ें - आंख से कीचड़ आने के कारण)

आंख लाल होने में या तो आंखों का पूरा सफेद हिस्सा लाल दिखने लगता है या कुछ रक्त वाहिकाएं सूज कर लाल हो जाती हैं।

आराम पाने के लिए आप अपनी आंख ठन्डे पानी से धो सकते हैं और ठंडी सिकाई भी कर सकते हैं। अगर आपकी आंख ठीक नहीं होती और लाली बढ़ती है, तो अपने डॉक्टर के पास जाएं ताकि वह आपकी समस्या का सही परीक्षण और इलाज कर सकें।

(और पढ़ें - आँखों में दर्द का घरेलू इलाज)

आपके डॉक्टर आपकी आंख को एक उपकरण की मदद से देखेंगे और आपको आंख में डालने वाली ड्रॉप्स देंगे।

आँख लाल होने के लक्षण - Red Eyes Symptoms in Hindi

आँख लाल होने के लक्षण क्या होते हैं?

आंख लाल होना अपने आप में ही कई बीमारियों का लक्षण है। इससे सम्बंधित अन्य लक्षण आंख लाल होने के अन्य कारणों पर निर्भर करते हैं। यह लक्षण निम्नलिखित हैं -

  • आंख में खुजली होना
  • आंख से अधिक आंसू आना (और पढ़ें - आंख से पानी आने के कारण)
  • आंख से रिसाव होना
  • प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता
  • धुंधला दिखना
  • नज़र कमजोर होना
  • एक या दोनों आँखों में किरकिराहट महसूस होना
  • टीवी देखने या पढ़ने के बाद असहजता महसूस होना

डॉक्टर को कब दिखाएं?

निम्नलिखित स्थितियों में अपने डॉक्टर के पास जाएं -

  1. अगर आप नज़र में बदलाव, प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता, तेज़ सिरदर्द और बीमार महसूस करना जैसे लक्षण अनुभव कर रहे हैं। (और पढ़ें - सिरदर्द के घरेलू उपाय)
  2. अगर आपकी आंख में हाल ही में चोट लगी है।
  3. अगर आपको अधिक दर्द हो रहा है।
  4. अगर आपको सिर की चोट लगी है।
  5. अगर आपको किसी केमिकल से आँख में चोट पहुंची है।
  6. अगर आपकी हाल ही में आंख की सर्जरी हुई है।
  7. अगर आपको पहले कभी तेज़ आंख दर्द हुआ है।
  8. अगर आपको प्रकाश के इर्द-गिर्द इंद्रधनुष या चक्र (Halo) दिखाई दे रहे हैं।
  9. अगर आपको मतली या उल्टी की भावना हो रही है। (और पढ़ें - उल्टी रोकने के घरेलू उपाय)
  10. अगर आप खून पतला करने वाली दवाएं लेते हैं।
  11. अगर आपकी एक या दोनों आँखों से पीले व हरे रंग का रिसाव हो रहा है।

आँख लाल होने के कारण और जोखिम कारक - Red Eyes Causes & Risk Factors in Hindi

आँख लाल होने के कारण क्या होते हैं?

आंख लाल होने का सबसे सामान्य कारण होता है आंख की सतह पर मौजूद रक्त वाहिकाओं की सूजन। कई उत्तेजक पदार्थों से ऐसा हो सकता है, जैसे -

आंख लाल होने का एक गंभीर कारण है इन्फेक्शन। इन्फेक्शन आंख के किसी भी हिस्से में हो सकता है और दर्द, रिसाव या नज़र में बदलाव जैसे लक्षण पैदा करता है।

आंख में लाली पैदा करने वाले संक्रमण निम्नलिखित हैं -

  1. "ब्लेफेराइटिस" (Blepharitis: पलों के छिद्रों की सूजन)
  2. "कंजंक्टिवाइटिस" (Conjunctivitis: आँखों की ऊपरी झिल्ली की सूजन)
  3. "कॉर्नियल अलसर" (Corneal ulcer: कॉर्निया में अलसर होना)
  4. "यूवाइटिस" (Uveitis: आंख में मौजूद यूवीआ नमक झिल्ली की सूजन)

आंख लाल करने वाली अन्य समस्याएं निम्नलिखित हैं -

  • आंख में चोट लगना।
  • आंख में दबाव बढ़ना, जिससे दर्द होता है (एक्यूट ग्लूकोमा)।
  • रक्तस्त्राव की समस्याएं।

आंख पर दबाव और खांसी से एक समस्या हो सकती है जिसे "सबकन्जंक्टिवाईटल हेमरेज" (Subconjunctival hemorrhage) कहा जाता है। इससे एकआंख में खून का धब्बा पड़ जाता है। यह स्थिति गंभीर लग सकती है हालाँकि, इसमें दर्द नहीं होता और यह 7 से 10 दिन में अपने आप ठीक हो जाती है।

 

आंख लाल होने के जोखिम कारक क्या होते हैं?

आंख लाल होने के जोखिम कारक निम्नलिखित हैं -

  1. कंप्यूटर पर काम करना और स्क्रीन को अधिक समय तक देखना।
  2. खून पतला करने वाली दवाएं लेना।
  3. आंख में डालने वाली ड्रॉप्स अधिक इस्तेमाल करना।
  4. गर्भावस्था।
  5. सर्दी ज़ुकाम
  6. धूम्रपान करना।
  7. नींद की कमी। (और पढ़ें - नींद न आने का इलाज)
  8. स्विमिंग करना।

आँख लाल होने से बचाव - Prevention of Red Eyes in Hindi

आंख लाल होने से कैसे बचा जा सकता है?

आंख लाल होने से बचने के लिए निम्नलिखित बातों का ध्यान रखें -

  • अपनी आँखों को न मलें। आंखें मलने से आपके हाथों में मौजूद मिटटी और इन्फेक्शन व एलर्जी करने वाले बैक्टीरिया आँखों में चले जाते हैं। ज़ोर से आंख मलने से कॉर्निया में खरोंच और "सबकन्जंक्टिवाईटल हेमरेज" (Subconjunctival hemorrhage) हो सकता है। (और पढ़ें - एलर्जी के घरेलू उपाय)
  • धुंए, भाप, पराग, मिट्टी और “क्लोरीन” (Chlorine) जैसे उत्तेजक पदार्थो से दूर रहें। (और पढ़ें - परागज ज्वर के लक्षण)
  • अपने “कॉन्टैक्ट लेंस” (Contact lens) की सही से देखभाल करें। हो सके तो “डिस्पोजेबल” (Disposable) लेंस का उपयोग करें। लेंस लगाते और उतारते समय हाथों को साफ रखें और मेकअप का इस्तेमाल ध्यानपूर्वक करें।
  • कॉन्टैक्ट लेंस को ज़्यादा समय तक न पहनें और इन्हें पहन कर न सोएं।
  • कंप्यूटर पर काम करते समय हर 20 मिनट में कंप्यूटर की स्क्रीन से नज़र हटाएँ, 20 सेकंड के लिए ऑंखें बंद करें और कम से कम 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखें।
  • आंख की लाली को ठीक करने के लिए गुलाब जल, काजल और सुरमे का उपयोग न करें, इनसे लक्षण और बढ़ेंगे।

अगर आंख की लाली ठीक नहीं हो रही है, बढ़ रही है या इसके साथ अन्य लक्षण भी हो रहे हैं, तो तुरंत अपने डॉक्टर के पास जाएं और अपने आप आंख में कोई दवा न डालें।

आँख लाल होने का परीक्षण - Diagnosis of Red Eyes in Hindi

आंख लाल होने का परीक्षण कैसे होता है?

"ल्यूकेमिया" (Leukemia: एक तरह का ब्लड कैंसर), "सारकॉइडोसिस" (Sarcoidosis: सूजन की एक ऐसी समस्या जो शरीर के कई भागों को प्रभावित करती है) और बच्चों में होने वाले गठिया से भी ऑंखें लाल हो सकती हैं, इसीलिए इसका सही निदान करना मुश्किल होता है।

आमतौर पर आंख लाल होने का कारण अधिक गंभीर नहीं होता और अपने आप ठीक हो जाता है। आपके डॉक्टर आपसे कुछ सवाल पूछेंगे, जैसे आंख में लाली कितने समय से हो रही है और इसके साथ अन्य क्या लक्षण हो रहे हैं।

डॉक्टर आपकी आंख में रिसाव, दर्द और सूजन जैसे इन्फेक्शन के लक्षणों की जांच करेंगे। रिसाव के मामले में इसके नमूने को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। अगर एलर्जी के कारण आंख लाल हो रही है, तो एलर्जी करने वाले पदार्थ का पता लगाने के लिए डॉक्टर “एलर्जी टेस्ट” (Allergy test) कर सकते हैं।

आँख लाल होने का इलाज - Red Eyes Treatment in Hindi

आँख लाल होने का उपचार कैसे किया जाता है?

आंख लाल होने के ज़्यादातर मामलों का उपचार आसान होता है और अगर इसके कारण का जल्दी पता चल जाए, तो कोई गंभीर नुकसान नहीं होता।

इसके सामान्य इलाज निम्नलिखित हैं -

  1. आंख में डालने वाली ड्रॉप्स
  2. एंटीबायोटिक दवाएं (Antibiotics)
  3. क्रीम
  4. खाने वाली दवाएं

आंख लाल होने का सही उपचार इसके कारण पर निर्भर करता है। आराम के लिए आप खुद की देखभाल करने के कुछ उपाय भी कर सकते हैं। नीचे दिए गए तरीके ज़्यादातर मामलों में असरदार होते हैं -

  • गर्म सिकाई
    एक तौलिये को गर्म पानी में भिगोने के बाद निचोड़ लें। आंख के अास-पास का हिस्सा नाज़ुक होता है, इसीलिए तौलिये का तापमान सामान्य रखें। अब इस तौलिये को 10 मिनट के लिए अपनी आंखों पर रखें। गर्मी से प्रभावित क्षेत्र में रक्त का प्रवाह बढ़ेगा और पलकों में तेल का उत्पादन भी अधिक होगा। इससे आपकी आंख सूखती भी नहीं है। (और पढ़ें - आंखों में सूखापन के लक्षण)
     
  • ठंडी सिकाई
    अगर गर्म सिकाई से असर नहीं हो रहा है, तो आप ठंडी सिकाई का उपयोग कर सकते हैं। ठन्डे पानी के तौलिये से सिकाई करने से कुछ समय के लिए आंख लाल होने के लक्षणों से राहत मिल सकती है। इससे सूजन ठीक होती है और खुजली भी कम होती है। इस बात का ध्यान रखें कि आप आंख के आसपास अधिक ठन्डे या गर्म तौलिये का उपयोग न करें नहीं तो समस्या और बढ़ सकती है।
     
  • "आर्टिफीशियल" (कृत्रिम) आंसू
    आंसुओं से आपकी आंखें नम व साफ रहती हैं। आँखों के सूखने के मामले में मेडिकल स्टोर पर मिलने वाले आर्टिफीशियल आंसू का प्रयोग किया जा सकता है। अगर ठन्डे आर्टिफीशियल आंसू की सलाह दी जाती है, तो आप इन ड्रॉप्स को फ्रिज में भी रख सकते हैं। (और पढ़ें - आँखों के सूखेपन के घरेलू उपाय)
     
  • "कॉन्टैक्ट लेंस" की सफाई
    लेंस के साथ इस्तेमाल किए जाने वाला घोल भी आपकी आंखों को प्रभावित कर सकता है। कई बार इस घोल में मौजूद कोई सामग्री लेंस के साथ मेल नहीं खाती। अपने लेंस के हिसाब से सबसे अच्छा "सॉल्यूशन" (Solution) उपयोग करें।
     
  • खाने-पीने का ध्यान रखें
  1. अगर आप पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते हैं, तो आपकी आंखें लाल हो सकती हैं। आमतौर पर, व्यक्ति को एक दिन में 8 गिलास पानी पीने की आवश्यकता होती है। (और पढ़ें - शरीर में पानी की कमी के लक्षण)
  2. सूजन करने वाले पदार्थों को ज़्यादा मात्रा में खाने से आँखों में लाली हो सकती है। “प्रोसेस्ड फ़ूड” (Processed food), डेरी उत्पाद और फास्ट फूड (Fast food) ज़्यादा खाने से सूजन हो सकती है।​
  • अपने आसपास के वातावरण का ध्यान रखें
    वातावरण से भी आपकी आंखों पर प्रभाव पड़ सकता है। अगर आपके आसपास पराग (Pollen: पौधों में मौजूद एलर्जी करने वाला एक पदार्थ) या धुंए जैसे एलर्जी करने वाले पदार्थ हैं, तो आपकी आंख लाल हो सकती है। सूखे बाल, नमी और हवा के कारण भी आपकी आंखों पर प्रभाव पड़ सकता है।

आँख लाल होने की जटिलताएं - Red Eyes Risks & Complications in Hindi

आँख लाल होने की जटिलताएं क्या होती हैं?

ज़्यादातर आंख लाल होने के मामलों की गंभीर जटिलताएं नहीं होती हैं।

  • अगर आपको कोई ऐसा इन्फेक्शन है जिससे आँखें कमजोर होती हैं, तो आपको गाड़ी चलाने और खाना बनाने जैसे सामान्य काम करने में समस्या हो सकती है। इन समस्याओं से चोट लगने व एक्सीडेंट होने का खतरा बढ़ जाता है।
  • संक्रमण का इलाज न करने से आंख को गंभीर नुक्सान हो सकता है। अगर आंख की लाली 2 दिन में ठीक नहीं होती है, तो अपने डॉक्टर के पास जाएं।


संदर्भ

  1. National Health Service [Internet]. UK; Red eye.
  2. Am Fam Physician. 2010 Jan 15;81(2):137-144. [Internet] American Academy of Family Physicians; Diagnosis and Management of Red Eye in Primary Care.
  3. Farokhfar A et al. Common causes of red eye presenting in northern Iran. Rom J Ophthalmol. 2016 Apr-Jun;60(2):71-78. PMID: 29450327
  4. MedlinePlus Medical Encyclopedia: US National Library of Medicine; Eye redness.
  5. Frings A, Geerling G, Schargus M. Red Eye: A Guide for Non-specialists. Dtsch Arztebl Int. 2017 Apr;114(17):302-312. PMID: 28530180
  6. Nidirect [Internet]. Government of Northern Ireland; Red eye.

आँख लाल होना की ओटीसी दवा - OTC Medicines for Red Eyes in Hindi

आँख लाल होना के लिए बहुत दवाइयां उपलब्ध हैं। नीचे यह सारी दवाइयां दी गयी हैं। लेकिन ध्यान रहे कि डॉक्टर से सलाह किये बिना आप कृपया कोई भी दवाई न लें। बिना डॉक्टर की सलाह से दवाई लेने से आपकी सेहत को गंभीर नुक्सान हो सकता है।